सुधांशु श्रीवास्तव
नई दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान केरल के कोझिकोड हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भारी बारिश के चलते रनवे पर पानी भरा था और लैंडिंग के समय विमान फिसलकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो पायलटों समेत 18 लोगों की मौत हो गई है। केबिन क्रू के चार सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। विमान दुबई से आ रहा था। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 190 लोग सवार थे जिनमें 10 बच्चे और चालक दल के चार सदस्य भी शामिल हैं। डीजीसीए के मुताबिक विमान के दो टुकड़े हो गए। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस हादसे पर दु:ख जाहिर किया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बयान के अनुसार यह हादसा शुक्रवार की शाम 7.41 बजे हुआ। विमान लैंड करते समय रनवे से आगे निकल गया। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर बताया है कि हादसे की जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। एक टीम एयर इंडिया की होगी और दूसरी एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की। शनिवार की सुबह पुरी ने कहा है कि रेस्क्यू पूरा कर लिया गया है। वहीं मल्लापुरम के आईजीपी अशोक यादव ने बताया कि हादसे में घायल 160 यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इसके अलावा 20-25 यात्री ऐसे हैं जो गंभीर रूप से जख्मी हैं।
विमान में सवार यात्रियों में करीब 26 यात्री ऐसे थे, जिनकी नौकरी चली गई थी और करीब 28 ऐसे थे जिनका वीजा एक्सपायर हो गया था। इसके अलावा करीब 54 ऐसे लोग थे जो घूमने के लिए दुबई गए थे, लेकिन कोविड महामारी के कारण वहां फंस गए थे। साथ ही छह वे लोग थे जो मेडिकल कारणों से भारत आ रहे थे और तीन लोग शादी के लिए आए थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस विमान हादसे पर दु:ख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, कोझिकोड में हुए विमान हादसे से दु:खी हूँ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है। जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हों। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से इस संबंध में बात की है। अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर तरह की संभव मदद कर रहे हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर इस हादसे पर दु:ख जताया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस हादसे पर खेद व्यक्त किया है। वहीं विमान कंपनी ने माना है कि इस हादसे से नेटवर्क पर असर पड़ेगा, लेकिन इस बात का आश्वासन भी दिया है कि आने वाले समय में भी वंदे भारत मिशन जारी रहेगा। नागरिक उड्डयन निदेशालय (डीजीसीए) ने कहा है कि हादसे के समय विज़िबिलिटी कम थी और भारी बारिश हो रही थी।
उल्लेखनीय है कि केरल में इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार की सुबह ही केरल के मुन्नार में भूस्खलन होने से 15 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।


Leave a Reply