राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना मरीजों की संख्या 562 हो गई है। इनमें से 519 लोग भारतीय हैं और 43 लोग विदेश के हैं। मरने वालों की संख्या 9 हो चुकी है। दिल्ली में जिस दूसरे व्यक्ति की मौत हुई थी, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि अब तक 40 लोग ठीक हो गए हैं।
बुधवार की तडक़े तमिलनाडु के मदुरै में राजाजी आस्पताल में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मंत्रालय ने इसे अपने रिकॉर्ड में दर्ज किया है या नहीं। इस बीच दिल्ली से लगे नोएडा में लोगों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए जमीन पर लाइनें और गोले बनाए गए। सेक्टर-19 में किराने की एक दुकान के सामने गोले में खड़े होकर लोगों को सामान लेते देखा गया। इसी तरह बेंगलुरु में भी कोरोना वायरस के मद्देनजर राशन की लाइन में खड़े लोगों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए जमीन पर लाइनें और गोले बनाए गए हैं।
महाराष्ट्र के सांगली जिला प्रशासन ने नागरिकों को कॉल पर आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी देने के लिए अपना फोन नंबर जारी किया है। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन डिलीवरी की सुविधा प्रदान करेगा। कुपवाड़, मिराज और सांगली शहर में सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बुधवार की शाम पांच बजे कोरोना वायरस के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वाराणसी के नागरिकों से बातचीत करेंगे। इससे पहले मंगलवार की रात आठ बजे प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा की है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना वायरस को लेकर बुधवार की सुबह 11 बजे सचिवालय में उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक करेंगे। जबकि बिहार के पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक मामला सामने आया है। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढक़र अब चार हो गई है।


Leave a Reply