कोरोना संकट के बीच नया सवेरा संस्था ने गरीबों को बांटा 175 किलो राशन

गाजियाबाद। कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रकोप से पूरी दुनिया त्रस्त है। देश को इस महामारी से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन सप्ताह का लॉकडाउन घोषित कर रखा है। इस बंदी से उत्पन्न स्थिति से गरीब बेहाल है। खासकर दिहाड़ी मजदूर बहुत ज्यादा परेशान हैं। तमाम लोग एक-एक दाने को मोहताज हो चुके हैं। ऐसे में गाजियाबाद की सामाजिक संस्था नया सवेरा सोसायटी (रजि.) लोगों की मदद के लिए आगे आई है। इस संस्था ने रविवार को थाना इंदिरापुरम अंतर्गत वसुंधरा सेक्टर-8 स्थित झुग्गी-झोपडिय़ों में रहने वाले गरीब व मजलूम 50 से ज्यादा परिवारों को 175 किलो राशन का मुफ्त वितरण किया।

नया सवेरा संस्था की अध्यक्ष डॉ (श्रीमती) कमलेश भारद्वाज ने बताया कि गरीबों में जो राशन मुफ्त में वितरित किय गया है, उसमें 50 परिवारों के लिए पैकेट बनाए गए थे। इस पैकेट में एक किलो आटा, एक किलो चावल, आधा किलो दाल और नमक शामिल है। उनकी संस्था का मदद का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस संबंध में नया सवेरा संस्था के सचिव व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने जिला प्रशासन से बात की है। अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आगे के कार्यक्रम शीघ्र ही घोषित किए जाएंगे। रविवार को मदद-इमदाद आयोजन में संस्था के उपाध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार भारद्वाज का विशेष योगदान रहा। वह खुद जितेन्द्र बच्चन के साथ गरीबों को राशन के पैकेट बांटने में लगे रहे। राशन वितरण में सिविल डिफेंस के अनिल अग्रवाल और कई वालंटियर के अलावा स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। डॉ कमलेश भारद्वाज ने आपदा की इस घड़ी में सभी से सहयोग करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कुछ हेल्प नंबर जारी करते हुए कहा है कि गरीबों की मदद के लिए कोई भी इन नंबरों पर बात कर सकता है। ये नंबर हैं- 9811717678, 9818959105 और 7017962180 संस्था के कार्यकर्ता तत्काल उसकी मदद करेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*