कोरोना वायरस: 24 घंटे में 3525 नए मामले आए सामने

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3525 नए मामले सामने आए हैं, लेकिन 9 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। इनमें अंडमान, अरुणाचल, दादरा नगर हवेली, गोवा, छत्तीसगढ़, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम शामिल है। इसके साथ ही देश के चार ऐसे राज्य हैं जहां पर कोरोना अभी तक नहीं पहुंचा है। इन राज्यों में सिक्किम, दमन व दीव, नागालैंड और लक्षद्वीप शामिल हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को कोरोना को रोकने और इसके लिए केन्द्र स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया कि देश में हर दिन कोरोना के एक लाख टेस्ट किए जाने की क्षमता है। पिछले 24 घंटे में ही 94708 टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ देश में 492 लैब स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 352 सरकारी हैं और 140 निजी लैब हैं।
उन्होंने बताया कि देश में अब तक 18.5 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं और देश में 900 कोविड अस्पताल तैयार किए गए हैं। इन अस्पतालों में पौने दो लाख बेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 78.5 लाख एन-95 मास्क और 50 लाख पीपीई किट्स राज्यों को दिए गए हैं।
डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश में कोरोना से होने वाली मौत का प्रतिशत 3.2 है, जो बाकी देशों से बहुत कम है। इसके साथ ही देश में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों के प्रतिशत में भी सुधार हुआ है। अब स्वस्थ होने वाले मरीजों का प्रतिशत 32.8 हो गया है। अस्पतालों में भर्ती कोरोना के मरीजों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 2.75 फीसदी मरीज आईसीयू में है, 0.37 फीसदी वेंटीलेटर पर और 1.89 फीसदी मरीजों को ऑक्सीजन पर रखा गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*