मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण से देशव्यापी लॉकडाउन मजदूरों, गरीबों और असहायों के लिए दुर्भाग्य बनकर आया है। एक तरफ वे दाने-दाने को मोहताज हैं तो दूसरी ओर हादसे उन्हें लील रहे हैं। महारष्ट्र के बाद गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस से कुचलकर छह मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है, जिन्हें मेरठ रेफर किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के गुना में भी आज ही आठ मजदूरों की सड़क हादसे में मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए हैं। ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और घर आ रहे थे।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार देर रात रोहाना टोल प्लाजा के पास हुए सड़क हादसे में एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों की टोली को कुचल दिया। इसमें छह मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो गंभीर घायल मजदूरों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है।
बीती आधी रात के करीब मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना टोल प्लाजा के समीप रोडवेज की बस ने पंजाब से पैदल लौट रहे श्रमिकों के दल को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस को लेकर फरार हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। मृतक और घायल मजदूर बिहार के जनपद गोपालगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि यह हादसा रात में करीब पौने 12 बजे घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के बीच हुआ है। पंजाब प्रांत में मजदूरी करने वाले श्रमिकों की टोली देर रात पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रोडवेज की एक बस ने इन मजदूरों को कुचल दिया और बस सहित चालक फरार हो गया। बस आगरा के ताज डिपो की बताई गई है।
थाना शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल कपरवान के अनुसार, मृतकों में हरक सिंह (52) पुत्र जमादार सिंह, विकास ( 22) पुत्र हरक सिंह, गुड्डू (18) पुत्र बूंदा नंदराय, वासुदेव (22) पुत्र जवाहर सिंह, हरीश साहनी (42) पुत्र मती साहनी, वीरेंद्र (28) पुत्र श्यामनाथ निवासीगण गोपालगंज बिहार बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल सुशील और रामजीत को जिला चिकित्सालय भेजा गया़ जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायलों को यहीं के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दु:ख जताया है। साथ ही जिला प्रशासन से इस घटना की तत्परता से जांच कर दोषी के विरुद्ध् कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


Leave a Reply