नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सर्वदलीय बैठक की। बैठक के बाद उन्हेांने देश में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए। मोदी ने कहा कि वह 11 अप्रैल को फिर से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे।
सांसदों के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश में स्थिति ‘सामाजिक आपातकाल’ के समान है। इसके लिए कड़े फैसलों की जरूरत है और हमें सतर्क रहना चाहिए। राज्यों, जिला प्रशासन और विशेषज्ञों ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया है।
सर्वदलीय बैठक के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नवी आजाद ने कहा कि 80 फीसद से अधिक राजनीतिक दलों ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें लोगों से जानकारी मिल रही है कि वे लॉकडाउन को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्रियों और अन्य लोगों के साथ बैठक के बाद लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोविड-19 के कारण अब तक देश में 149 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लॉकडाउन बढ़ाने का आग्रह किया है। माना जा रहा है कि अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के मुख्यमंत्रियों के साथ एक अन्य बैठक के बाद लॉकडाउन पर कोई फैसला ले सकते हैं।


Leave a Reply