राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच टीम को जिले के 50 हार्डकोर क्रिम्नलस और उनके गिरोह के सफाए के लिए पुलिस प्रशासन ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित क्राइम ब्रांच की टीम, स्वाट टीम और विभिन्न थानों की एसओजी टीम की संयुक्त बैठक में इस ब्लू प्रिंट को पेश किया गया। इसकी खास बात यह है कि सभी 50 हार्डकोर क्रिम्नलस की पूरी हिस्ट़ी तैयार करने के लिए उनके डोजियर तैयार किए गए हैं।
पिछले 15 दिन में इन अपराधियों ने कौन-कौन से अपराध को अंजाम दिया, इसका भी खाका बैठक में पेश किया गया। अपराधियों को कैसे पकड़ा जाए, इस रणनीति पर भी विचार-विमर्श कर अमलीजामा फहनाया गया। बैठक में सुपर कॉप ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कागजों पर कोई एक्शन नहीं होगा, जनता को एक्शन दिखायी देना चाहिए। किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बैठक के बाद बताया कि 50 सेलेक्टिड क्रिम्नलस के अलावा पुलिस ने विभिन्न थानों से आंकडे़ एकत्र कर 1000 अपराधियों के डोजियर तैयार कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से तस्दीक किया जा चुका है। इसके अलावा जिले में अभी नौ हजार अपराधियों के डोजियर तैयार करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।


Leave a Reply