–राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
–सामूहिक आत्महत्या की वजह बनी साढ़ू की धोखाधड़ी और बिजनेस में दो करोड़ का घाटा!
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के कृष्णा अपरा सफायर सोसायटी में मंगलवार सुबह चार शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष, करीब 15 साल का एक किशोर और एक लड़की शामिल थी। इसके अलावा एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल मिलाकर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। घर में एक खरगोश था, वह भी मृत मिला है।
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में राकेश वर्मा नाम के एक शख्स को इन मौतों का जिम्मेदार ठहराया गया है। खुदकुशी करने वाले परिवार के मुखिया का नाम गुलशन वासुदेवा है। उनकी पत्नी का नाम परवीन वासुदेवा था। बेटे का नाम रितिक (15) और बेटी का नाम कृतिका उर्फ किट्टू था। दूसरी महिला का नाम संजना है, जो गुलशन के कारोबार में प्रबंधक थी।
पुलिस इस घटना को आर्थिक तंगी से जोड़कर देख रही है। पुलिस मान रही है कि गुलशन वासुदेवा ने पहले दोनों बच्चों और पत्नी को मारा। उसके बाद संजना के साथ आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। गुलशन के परिजन दिल्ली के झिलमिल में रहते हैं। सूचना मिलते ही वे सभी यहां पहुंच गए हैं। खुद को गुलशन का भाई बताने वाले हरीश का कहना है कि गुलशन जींस का कारोबार करता था। कारोबार में दो करोड़ का नुकसान हुआ था। साढू ने धोखाधड़ी की है। साढू का नाम राकेश वर्मा है। उसका नाम सुसाइड नोट में लिखा है, जिसे सभी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपित राकेश वर्मा साहिबाबाद के ही शालीमार गार्डन का रहने वाला है। पुलिस टीम उसका पता कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तारी किया जा सकती है। मृतक रितिक डीएवी श्रेष्ठ विहार दिल्ली में 9वीं का छात्र था। बेटी कृतिका के दोस्तों ने बताया कि उसने कल शाम को ही अपना फेसबुक और इंस्टाग्राम डिएक्टिवेट कर दिया था। उसका, उसकी मां का मोबाइल नम्बर भी बंद था। महिला संजना गुलशन वासुदेवा के कारोबार में प्रबंधक का काम देखती थी। यह जानकारी मृतकों के परिजनों की तरफ से दी गई है। पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। मामले की गहन जांच-पड़ताल पुलिस कर रही है।


Leave a Reply