- राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
- 9 आरोपित गिरफ्तार, पत्रकारों में रोष व्याप्त
गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मार दी। पत्रकार को गंभीर अवस्था में नेहरूनगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। हमले के समय पत्रकार की दो बेटियां भी उनके साथ थीं। इस घटना के बाद शहर के तमाम पत्रकारों में रोष व्याप्त है। घटना की सूचना पर एसएसपी कलानिधि नैथानी अस्पताल पहुंचे और तमाम जानकारी ली है।
मंगलवार को एसएसपी ने बताया कि इस मामले में कुल नौ आरोपितों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रथम कर रहे हैं। साथ ही पुलिस चौकी इंचार्ज प्रताप विहार राघवेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
परिजनों के अनुसार जनसागर टुडे में कार्यरत विक्रम जोशी पर जानलेवा हमले के आरोप में तीन लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य लोग अज्ञात हैं। पुलिस ने अभी तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें थाना विजयनगर स्थित माता कालोनी का रवि पुत्र मातादीन, चरण सिंह कालोनी का छोटू पुत्र कमालउद्दीन, भाऊ देवव्रत कालोनी का मोहित पुत्र अमित कुमार, एच ब्लॉक सेक्टर-9 का दलवीर पुत्र वीर सिंह, चरण सिंह कालोनी का आकाश उर्फ लुल्ली पुत्र शंकर नाथ, सेक्टर-11 का योगेंद्र पुत्र प्रीतम सिंह, लाल क्वार्टर थाना साहिबाबाद का अभिषेक हकला पुत्र शिवाकांत सरोज, माता कालोनी का अभिषेक मोटा पुत्र मंगल सिंह और चरण सिंह कॉलोनी विजयनगर का शाकिर पुत्र साबिर शामिल है। एक अन्य आरोपित आकाश बिहारी पुत्र अशोक निवासी भी ब्लॉक माता कालोनी विजयनगर को पुलिस अभी तलाश रही है। मामले के मुख्य आरोपित रवि ने पुलिस के अनुसार अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
परिजनों के अनुसार स्थानीय पुलिस से पहले छेड़छाड़ के मामले में शिकायत की गई थी, लेकिन समुचित कार्रवाई नहीं की गई। इसी आधार पर एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई करते हुए क्षेत्राधिकारी प्रथम को इस मामले की जांच सौंप दी है और चौकी इंचार्ज प्रताप विहार राघवेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


Leave a Reply