गाजियाबाद में परिवार को बंधक बनाकर नकदी समेत 9 लाख की लूट

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। महानगर में पुलिस की तमाम घोषणाओं के बावजूद अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की तड़के कविनगर थाना इलाके में छह बदमाशों ने एक किसान के परिवार को बंधक बनाकर एक लाख की नकदी और आठ लाख के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को बाथरूम में बंद कर दिया था। तीन लोगों ने विरोध किया तो उनको बुरी तरह से मार-पीटकर घायल कर दिया।
गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि कविनगर थाना क्षेत्र के चिरंजीव विहार कॉलोनी में गोपाल शर्मा और उनका परिवार रहता है। सोमवार को उनकी बेटी- दामाद सिंभावली से आए थे। मंगलवार की तड़के छह बदमाश रसोई की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हो गए और सभी को गनपॉइंट पर लेकर एक बाथरूम में बंद कर दिया । परिवार में चार बच्चियां, तीन महिलाएं और दो पुरष थे। इनमें से तीन लोगों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें जमकर मारा-पीटा। इसके बाद घर में रखी एक लाख की नकदी और करीब आठ लाख के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने आठ साल के एक बच्चे को गन पॉइंट पर ले लिया। एक बदमाश माइक्रोफोन पर किसी से बातचीत भी कर रहा था। परिजनों को एक युवक पर शक है। वह उनका परिचित है। फिलहाल, पुलिस गहन जांच-पड़ताल कर रही है। एसएसपी का कहना है कि शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*