गाजियाबाद: श्मशान घाट का लेंटर गिरने से 18 लोगों की मौत, 8 से ज्यादा घायल

जितेन्द्र बच्चन
गाजियाबाद। दिल्ली से लगे उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में आज रविवार को बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली-मेरठ रोड के नजदीक उजेड़ा माइनर के पास मुरादनगर श्मशान घाट में निर्माणाधीन गलियारे का लेंटर गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई और आठ से अधिक लोगों के घायल होने और कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। डीएम डॉ. अजय शंकर पांडेय और एसएसपी कलानिधि नैथानी मौके पर मौजूद हैं। राहत व बचाव का कार्य लगातार चल रहा है।
रविवार, 03 जनवरी को हुए इस हादसे ने आम लोगों को हिला दिया। आज तड़के से हो रही लगातार बारिश के बीच बालाजी कॉलोनी निवासी जयराम (70) का निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार के लिए कालोनी के लोग और नाते-रिश्तेदार शव को लेकर मुरादनगर (उखलारसी) श्मशान घाट गए थे। वहां बारिश से बचने के लिए लोग निर्माणाधीन एक लेंटर के नीचे खड़े हो गए, तभी लेंटर गिर गया और लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।

जिला प्रशासन ने अभी तक इस हादसे में 14 लोगों के मरने की पुष्टि की है और इनकी शिनाख्त ओमकार (45), बंटी उर्फ नीरज (40), जोगेन्द्र (42), सुनील (44), ओमप्रकाश आर्य (68), प्रमोदी (35), नितिन चौहान (35), रोबिन, पप्पू सिंह (45), बाबू (45), अक्षय (48), विनोद (58), दिलीप बत्रा (63) और मयंक (18) के रूप में हुई है। जबकि घायलों की संख्या आठ बताई है। वहीं एमएमजी अस्पताल के डॉ एके विश्वकर्मा ने बताया कि 18 लोगों की मौत हुई है। चार लोगों की अभी शिनाख्त नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि इस हादसे में अभी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अब तक 26 लोगों को मलबे से निकाला गया है, जिसमें से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए मण्डल आयुक्त मेरठ और एडीजी मेरठ जोन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है, “मैंने जिला अधिकारियों को राहत अभियान चलाने और घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।”

जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने राष्ट्रीय जनमोर्चा को बताया कि मौके पर राहत कार्य चल रहा है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। राहत कार्य में पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है। मृतकों के आश्रितों की हर संभव मदद की जाएगी। शवों के पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*