राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
- स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप
गाजियाबाद। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक कर्मचारी कोरेंटिन प्रभारी का स्टेनोग्राफर है, जबकि दूसरा जिला एमएमजी अस्पताल में वैक्सीन कोल्ड चेन मेंटेन करने वाला कर्मचारी है। सीएमओ दफ्तर को सील कर दिया गया है। साथ ही कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनपद में कोरोना संक्रमण से अब तक 797 मामले सामने आ चुके हैं। दो नए लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि होने से एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 429 पहुंच गई है। दोनों मामले सीएमओ आफिस से जुड़े होने के कारण आफिस को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
स्वास्थ विभाग के अनुसार वैक्सीन सेंटर एवं सीएमओ कार्यालय 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। सोमवार से कार्यालय एवं वैक्सीन सेंटर दोबारा खोला जाएगा। शनिवार एवं रविवार को कार्यालय में किसी भी कर्मचारी अधिकारी या बाहरी व्यक्ति का आवागमन बंद रहेगा। हालांकि इस दौरान सीएमएसडी स्टोर खुला रहेगा।
शनिवार को संजयनगर स्थित सीएमओ कार्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि सीएमएसडी स्टोर सीएमओ आफिस से 200 मीटर की दूरी पर है। अगर उसे भी बंद कर दिया गया तो सीएचसी एवं पीएचसी पर भेजी जाने वाली दवाइयां सहित अन्य मेडिकल संबंधित चीजों की परेशानी होगी। उन्होंने बताया कि सीएमओ दफ्तर में 70 से अधिक बाबू कार्यरत हैं, लेकिन उनके टेस्टिंग की व्यवस्था नहीं की गई। जबकि जिला आयुर्वेद विभाग, जीडीए तथा दूसरे विभाग के द्वारा अलग से अपने स्टाफ की जांच कराने की लगातार मांग की जा रही है।


Leave a Reply