गौतमबुद्ध नगर से प्रवासी मजदूरों के लिए शनिवार को रवाना होंगी 4 ट्रेनें

गौतमबुद्धनगर। कोरोना संकटकाल में लॉकडाउन के चलते सबसे ज्यादा मुश्किलें प्रवासी मजदूर झेल रहे हैं। इनकी परेशानी को देखते हुए रेलवे ने देश भर में 500 से अधिक श्रमिक स्पेशल ट्रेनें शुरू की है। इसी के तहत शनिवार, 16 मई को 4 स्पेशल ट्रेनें गौतमबुद्धनगर से रवाना होंगी। नोएडा के डीएम सुहास एलवाय ने बताया कि ये ट्रेनें ग्रेटर नोएडा के दादरी और दनकौर स्टेशनों से रवाना होंगी। प्रथम चरण में बिहार के मजदूरों को चार ट्रेनों के जरिए उनके गृह राज्य भेजा जाएगा, फिर अन्य राज्य के लोगों को भी भेजे जाने की व्यवस्था की जाएगी।
शुक्रवार को जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि शनिवार को दादरी रेलवे स्टेशन से दिन में 11 बजे औरंगाबाद के लिए एक ट्रेन चलेगी। दूसरी ट्रेन यहां से दोपहर 3 बजे चलेगी, जो सासाराम (रोहतास) जाएगी। दनकौर से एक ट्रेन दिन में 12 बजे और दूसरी दोपहर 4 बजे चलेंगी जो क्रमश: बक्सर और सिवान जाएगी।
जिलाधिकारी के अनुसार जनसुनवाई पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा चुके उन सभी लोगों को पहले दिन भेजा जाएगा, जिनके पास प्रशासन का मैसेज आएगा। उन्होंने कहा कि उस एसएमएस को ही स्टेशन तक पहुंचाने के लिए बस और ट्रेन का टिकट माना जाएगा। सुहास एलवाई ने बताया कि जिन्होंने भी अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है वो लोग भी तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन कराएं। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के निवासियों को भी ट्रेनों से उनके घर भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य राज्यों के लोगों को भी जल्द ही भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*