पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा के पूर्व सदस्य आर.के. सिन्हा ने गोपालगंज के 6 मज़दूरों की यूपी में सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने आरोपित बस चालक को तुरंत गिरफ़्तार कर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि उत्तर प्रदेश और बिहार की सरकारें पीड़ित मज़दूरों को तत्काल राहत पहुंचाने की व्यवस्था करें।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के बॉर्डर पर देर रात रोडवेज की एक बस ने पंजाब से पैदल घर लौट रहे मजदूरों को कुचल दिया। ये मजदूर उत्तर प्रदेश के रास्ते अपने गृह ज़िला गोपालगंज आ रहे थे। दुर्घटना में छह मजदूरों की मौत हो गई और चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। इन सभी घायलों को मेरठ मेडिकल कालेज में रेफर किया गया है। बस चालक फरार हो गया। पुलिस उसे तलाश रही है।
भाजपा नेता आरके सिन्हा ने कहा है कि इस तरह की हृदय विदारक घटनाओं से बचा जा सकता है। लापरवाही से बस चलाने वाले चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हेांने कहा कि इस समय पूरे देश से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा, बंगाल के मज़दूर पैदल लौटने पर विवश हैं। करीब-करीब सभी राष्ट्रीय राजमार्ग का यही हाल है। इसलिए छह मजदूरों की मौत की इस दुर्घटना की किसी भी हालत में अनदेखी नहीं होनी चाहिए।


Leave a Reply