राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो प्रमुख
- 3 जवानों की हालत नाजुक, 5 नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गए, जबकि 14 जवान घायल हैं। इन सभी को रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह समेत कई नेताओं ने जवानों के शहीद होने पर गहरा शोक जताया है।
रविवार को आईजी (बस्तर) पी. सुंदरराज ने बताया कि शनिवार को सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हो गए। उसके बाद से सभी जवान लापता थे। पुलिस इनकी शिद्दत के साथ तलाश कर रही थी। आज रविवार को लापता सुरक्षा बल के 17 जवानों के शव बरामद हुए हैं। जबकि मुठभेड़ में घायल 14 जवानों को हेलिकॉप्टर से रायपुर लाकर रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना है। घटना के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है।
नक्सलियों के इस जघन्य हमले को 2020 का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शनिवार रात उनके निवास कार्यालय में मुलाकात कर इस मुठभेड़ की जानकारी दी थी। उस समय यह भी बताया गया था कि मुठभेड़ के बाद से 13 जवानों का पता नहीं है। रात में करीब 150 जवान की टीम जंगल में ही रुकी हुई है। वे सभी जवानों को तलाश रहे हैं। कई नक्सली भी इस मुठभेड़ में मारे गए हैं। उनके शव भी तलाशे जा रहे हैं।


Leave a Reply