बलवंत राणा, श्रीनगर
पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने कुलगाम में बड़ा नरसंहार किया है। अनुच्छेद 370 हटाने के बाद से बौखलाए अंतकियों ने पांच गैर कश्मीरी श्रमिकों को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। एक अन्य घायल है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी श्रमिक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं।
मंगलवार की वारदात है। इस जघन्य हत्याकांड से पहले सुबह आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में भी एक स्कूल के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया था। इसमें स्कूली छात्र और सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद दहशतगर्द भाग निकले। यही नहीं, बल्कि अलगाववादी और शरारती तत्वों ने भी पाकिस्तान के इशारे पर यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान कश्मीर में जबरन बंद करवाकर पथराव किया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद कश्मीर जाने वाले सभी ट्रक जम्मू और ऊधमपुर में ही रोक दिए गए हैं। हाईवे पर ट्रक की लंबी कतार लग गई है।
कुलगाम से जो खबरें मिल रही हैं, उसके अनुसार मंगलवार शाम स्वचालित हथियारों से लैस पांच से छह आतंकी कतरस्सु गांव में दाखिल हुए। उन्होंने गांव के बाहरी छोर पर रह रहे गैर कश्मीरी श्रमिकों के डेरे पर दस्तक दी और वहां मौजूद करीब सात लोगों को बाहर निकालकर अपने साथ चलने को कहा। आतंकी उन्हें वहां से कुछ दूरी पर ले गए और फिर उन्होंने उन पर अंधाधुंध गोलियों की बौछार कर दी। सभी श्रमिक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें मरा समझकर आतंकी चले गए। आतंकियों के जाने के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित करते हुए खून से लथपथ पड़े सभी श्रमिकों को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। एक श्रमिक जहीरूदीन की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे श्रीनगर के अस्पताल में रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि करीब 13 साल बाद यह पहला मौका है जब आतंकियों ने एकसाथ दो या उससे ज्यादा संख्या में गैर कश्मीरी श्रमिकों की हत्या की है। इससे पूर्व 26 जून 2006 को आतंकियों ने कुलगाम के बुदरू इलाके में 9 श्रमिकों की गोली मारकर हत्या की थी। इससे पूर्व अगस्त 2000 में आतंकियों ने अनंतनाग जिले के मीर बाजार में 19 और मीर नौगाम में 7 श्रमिकों की हत्या की थी। मंगलवार की शाम कुलगाम में पांच श्रमिकों की हत्या के बाद पूरी वादी में तनाव है।
यद्यपि अभी किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षाबलों ने हत्यारे आतंकियों को मार गिराने का अभियान छेड़ दिया है। देर रात तक कुलगाम सहित पूरे कश्मीर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।


Leave a Reply