जहां करुणा नहीं वहीं कोरोना: स्वामी चक्रपाणि

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। मंदिर मार्ग स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा भवन में स्वामी चक्रपाणि महाराज के तत्वावधान में कोरोना वायरस को नष्ट कराने के लिए सर्वप्रथम यज्ञ किया गया। उसके बाद उपस्थित लोगों को गोमूत्र का सेवन कराया गया। इस मौके पर स्वामी चक्रपाणि ने कहा, करुणा के सामने कोरोना कुछ बिगाड़ नहीं सकता। जहां करुणा नहीं है, वहीं कोरोना है।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वामी चक्रपाणि ने कहा कि आज देश में कोरोना को लेकर एक भय व्याप्त है। दुनिया में मांस खाने वाले को कोरोना हो रहा है। देश में जीव हत्या बंद हो, हर घर में यज्ञ हो, गोमूत्र का सेवन नित्य हो, मुझे विश्वास है और मैं गौ माता को साक्षी मानकर यह वचन दे रहा हूं कि शरीर पांच तत्वों से बना है, 33 तत्व से ब्रह्मांड बना है और 33 करोड़ देवी-देवता इस पृथ्वी पर रहते हैं। अखिल भारत हिंदू महासभा के तत्वावधान में हजारों लोगों ने गोमूत्र का सेवन कर सिद्ध कर दिया है कि करुणा के सामने कोरोना कुछ बिगाड़ नहीं सकता। सनातन धर्म ही नहीं मुस्लिमों ने भी गोमूत्र का सेवन कर गंगा जमुनी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ के प्रसिद्ध मौलाना असगर अंसारी ने गोमूत्र का सेवन किया।
स्वामी चक्रपाणि ने सरकार से मांग की है कि जो भारत आता है, उससे पहले सरकार एयरपोर्ट पर ही गोमूत्र का सेवन कराए और गोबर के स्नान कराने के बाद भी भारत में घूमने की इजाजत दे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता बीके शर्मा हनुमान ने कहा कि गौमाता में 33 करोड़ देवी देवता निवास करते हैं। गौ माता पूरे विश्व की पूजनीय ऐसी शक्ति है जिसके दूध से बच्चों का लालन-पालन होता है। गौ माता के मूत्र में वह शक्ति है जिससे कोई भी वायरस शरीर पर प्रभावित होता है तो गोमूत्र का सेवन करने से वह बीमारी का विनाश हो जाता है। यहां तक कि कैंसर में भी कुछ वैद्य-हकीम और सन्यासी गोमूत्र का सेवन ही बताते हैं और बहुत लोगों को आराम भी मिलता है।
इस अवसर पर श्री सूर्य नाथ महाराज पीठाधीश्वर सोठी धाम सोनीपत, स्वामी दत्तात्रेय स्वरूपनाथ, कपिल शास्त्री, संजीव सक्सेना, सर्वेश, पुष्पेंद्र राना, राजीव आशीष, बम-बम एके सिंह, राम बदन सिंह, बीडी दुबे, मनोज यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*