झारखंड: मतदाताओं में भारी उत्साह, कई केन्द्रों पर लगी लंबी लाइन

दयाशंकर तिवारी

-कांग्रेस उम्मीदवार ने बूथ पर पिस्तौल लहराई, प्रशासन ने किया नजरबंद

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर शनिवार की सुबह सात बजे से मतदान जारी है, जो अपराह्न 3 बजे तक चलेगा। वोटरों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइन देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा मतदाताओं की लंबी लाइन पलामू जिला के हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिली।

हुसैनाबाद के हीरासिकनी की बूथ संख्या 235 पर वोटरों की 300 मीटर से ज्यादा लंबी लाइन लगी हुई है। यहां 150 मीटर से ज्यादा लंबी महिलाओं की लाइन है। दिन के 11 बजे तक 13 सीटों पर 27.41 फीसदी वोटिंग रिकॉर्ड की गई है। पहले चरण के चनुाव में 189 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 15 महिला उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार भवनाथपुर सीट पर हैं, जबकि चतरा में सबसे कम सिर्फ 9 उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रहे हैं। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। पूर्वाह्न 11 बजे तक चतरा में 29.32 फीसदी,  गुमला में 30.46, बिशुनपुर में 29.51,लोहरदग में 21.27, मनिका में 22.17, लातेहार में 27, पांकी में 26.50, डाल्टनगंज में 27.90, विश्रामपुर में 27.20, छतरपुर में 28.20, हुसैनाबाद में 26.60, गढ़वा में 27.40 और भवनाथपुर विधानसभा सीट पर 30.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया हैं। इससे पहले गढ़वा में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, लातेहार विधानसभा सीट से झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम, चतरा से भाजपा उम्मीदवार जनार्दन पासवान, लोहरदगा से सुखदेव भगत, बिशुनपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अशोक उरांव ने घाघरा के बूथ संख्या 208 पर, पांकी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. शशिभूषण मेहता, भवनाथपुर में भाजपा के भानु प्रताप शाही और निर्दलीय अनंत प्रताप देव सहित अन्य उम्मीदवारों ने मतदान किया।

लातेहार विधानसभा क्षेत्र के चंदवा प्रखंड के बूथ नंबर 312 में दिव्यांग वोटर को सम्मानित किया गया। लातेहार में 195 नंबर बूथ संख्या पर ईवीएम खराब होने से करीब एक घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। हुसैनाबाद में बूथ संख्या 95 खराब होने से एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। गुमला के बूथ संख्या 237 पर टॉर्च के जरिए मतदान करवाना पड़ा। हालांकि बाद में बिजली की व्यवस्था कर दी गई। 

डाल्टनगंज-भंडरिया विधानसभा सीट चैनपुर थाना क्षेत्र के कोसियारा केंद्र बूथ के अंदर कांग्रेश उम्मीदवार केएन त्रिपाठी को प्रवेश नहीं करने दिया गया। इससे आम लोग आक्रोशित हो गए और भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प हो गई। त्रिपाठी पर पथराव किया गया। उनकी गाड़ी तोड़ दी गई। इसके बाद त्रिपाठी के समर्थकों ने मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की। कैमरा तोड़ने का प्रयास किया गया। भाजपा उम्मीदवार आलोक चौरसिया ने त्रिपाठी पर हाथ में सिक्सर लहराने का आरोप लगाया। पलामू डीसी और एसपी कांग्रेस उम्मीदवार केएऩ त्रिपाठी से पूछताछ कर रहे है। उनकी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। 

लोहरदगा के कौवाटांड में देर रात करीब तीन बजे नक्सलियों ने तीन आईईडी ब्लास्ट किया। हालांकि इससे किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। कोई हताहत नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि थोड़ी-थोड़ी देर पर तीन आवाज सुनाई दी। घेराबंदी कर पुलिस का सर्च अभियान जारी है। 

गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के घाघरा से कठठोकवा जाने वाले पुल को नक्सलियों ने बम से उड़ा दिया। माना जा रहा कि लोगों में भय बनाने के मकसद से नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि इस हमले की अधिकारिक जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है। आज 30 नवंबर को पहले चरण के मतदान में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, लोहरदगा और चतरा जिले की 13 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। ये सभी जिले नक्सली प्रभावित इलाके माने जाते हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*