डॉ सीमा का सख्त रुख, राशन की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

गाजियाबाद। जिलापूर्ति अधिकारी डॉ सीमा ने राशन की कालाबाजारी करने और गरीब कार्डधारकों का हक डकारने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों की संलिप्तता पर भी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
डॉ सीमा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का उद्देश्य प्रत्येक कार्ड धारक एवं गरीबों को राशन पहुंचाना है। सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी दुकानों को वितरित की जाने वाली राशन सामग्री सभी कार्ड धारकों तक पूरा पहुंचे, यह क्षेत्र के अधिकारी भी सुनिश्चित करेंगे। उनके कार्यों की भी समय-समय पर जांच की जाएगी। राशन की कालाबाजारी एवं कम सामग्री वितरण की शिकायत मिलने पर संबंधित राशन विक्रेता के साथ संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहीं पर राशन सामग्री कम दी जा रही है या घटतौली की जा रही है तो शिकायत मिलने पर तुरंत जाकर मामले की जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी की राशन संबंधित कोई भी शिकायत है तो वह फोन नंबर 01202829409 पर सूचना दे सकता है। विभाग द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जल्द ही एक मोबाइल नंबर भी जारी किया जाएगा, जिसे सीधे जिला आपूर्ति अधिकारी स्वयं उठाएंगे और समस्या का निस्तारण करेंगे।
जिलापूर्ति अधिकारी डॉ सीमा ने नंद ग्राम व विवेकानंद नगर में आधा दर्जन से अधिक दुकानों का औचक निरीक्षण किया है। कुछ दुकानों को बंद मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। आगे भी समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाएंगे, ताकि लापरवाही और भ्रष्टाचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*