प्रीतिका बच्चन
नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित ‘बाबा का ढाबा’ का एक वीडियो 7 अक्टूबर को क्या वायरल हुआ, बाबा की खुशियां दोबारा लौट आईं। पहले वीडियो में बाबा ढाबे पर ग्राहकों के नहीं आने की वजह से रोते हुए दिखे। अब उनके चेहरे पर दोबारा मुस्कान लौट आई है। वह कहते हैं, कोरोना काल में काम बंद-सा हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद अब फिर से ग्राहक आने लगे हैं। आज गुरुवार को ढाबा खूब चला।
दरअसल, बाबा का वीडियो अभिनेत्री सोनम कपूर और क्रकिटेर आर अश्विन ने भी अन्य लोगों के साथ-साथ ट्वीट कर लोगों से मदद करने की अपील की थी। बाबा रो रहे थे। उनकी शिकायत थी कि कोरोना के चलते उनका काम बंद हो चुका है। इस वीडियों के वायरल होने का लाभ यह हुआ कि 24 घंटे से पहले ही ‘बाबा का ढाबा’ पर गुरुवार (8 अक्टूबर) को ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई।
1990 के दशक से दिल्ली के मालवीय नगर में 80 वर्षीय कांता प्रसाद अपनी पत्नी के साथ बाबा का ढाबा चला रहे हैं। कांता प्रसाद ने ढाबे पर लगी भीड़ को देखकर कहा, पहले तो कोई पूछता नहीं था लेकिन आज ऐसा लगा रहा है, जैसे पूरा भारत साथ हैं। मैं बहुत खुश हूं। वहीं बाबा की पहले की रोते हुए और आज की हंसते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया से मिली मदद पर कांता प्रसाद ने कहा कि दुनिया में वो सिर्फ अकेले नहीं हैं, जिन्हें मदद की जरूरत है। सबकी मदद हम सभी को मिलकर करनी चाहिए। जहां जैसे हो सबकी मदद होनी चाहिए। बाबा ने कहा, हम अकेले नहीं है, दुनिया में बहुत से लोग हैं, जिनके पास खाने के लिए रोटी नहीं है और रहने के लिए छत भी नहीं है, उनकी भी मदद होनी चाहिए।


Leave a Reply