मुंबई हाई कोर्ट से ड्रग मामले में रिया को जमानत

मुंबई। ड्रग मामले में हाई कोर्ट ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को एक लाख रुपये के मुचलके पर बुधवार को जमानत दे दी । उसके साथ-साथ सैमुअल मिरांडा व दीपेश सावंत को भी जमानत मिल गई है, जबकि रिया के भाई शोविक व ड्रग पेडलर अब्दुल बासित परिहार की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी।
हाई कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को उनका पासपोर्ट जमा करने व मुंबई छोड़कर बाहर न जाने का भी आदेश जारी किया है। साथ ही रिया को जब भी नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) छानबीन के लिए बुलाएगी तो उन्हें हाजिर होना होगा। एनसीबी ने कहा है कि रिया को दी गई जमानत के विरोध में अपील की जाएगी। वहीं रिया के वकील सतीश मानेशिंदे ने कहा कि सत्य की जीत हुई है, उन्हें सच की जीत का भरोसा था।
उल्लेखनीय है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में ड्रग एंगल की छानबीन में एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती को पिछले महीने 8 सितम्बर को गिरफ्तार किया था । रिया की जमानत के लिए उनके वकील सतीश मानेशिंदे ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उसी मामले में बुधवार को हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने अपना निर्णय सुनाते हुए रिया चक्रवर्ती की जमानत याचिका मंजूर कर ली। आज ही भायखला जेल में बंद रिया चक्रवर्ती बाहर आ सकती हैं। लेकिन अभी सीबीआई जांच का संकट नहीं टला है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*