राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर से गिरफ्तार इस्लामिक और खालिस्तानी संगठन से जुड़े 5 आतंकियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसियों की पूछताछ में इन आतंकियों ने बताया है कि पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी और आईएसआई पंजाब में टारगेट किलिंग को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन इनकी मंशा दिल्ली दहलाने की पूरी नहीं हुई, उससे पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल ने सोमवार को एक मुठभेड़ के बाद इन पांचों आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों में कुछ इस्लामिक संगठनों से जुड़े हैं तो कुछ आतंकी खालिस्तानी संगठनों के इशारे पर काम कर रहे थे। पांचों आतंकियों की शिनाख्त शब्बीर, रियाज, अयूब, सुखदीप और गुरजीत के रूप में हुई है। सुखदीप और गुरजीत पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले हैं तो सब्बीर, रियाज और अयूब कश्मीर के निवासी हैं। गुरजीत शार्प शूटर है और इसी ने पंजाब में आतंकवाद से लड़ने वाले शौर्य चक्र से सम्मानित बलविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पांचों आतंकियों के पास से दो किलो हेरोइन, 3 आधुनिक पिस्टल और एक लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए पांचों आतंकियों के संबंध प्रतिबंधित हिज्बुल मुजाहिदीन से भी है। इस मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि इनका हैंडलर पाकिस्तान में बैठा है और वहीं से इस नार्को टेररिज्म गैंग को ऑपरेट किया जा रहा है। आगे की पूछताछ में कई अन्य अहम जानकारियां भी मिल सकती हैं।


Leave a Reply