देश के 12 जिले कोरोना मुक्त, 78 जिलों में 14 दिन से नहीं मिला कोई नया मामला

नेशनल ब्यूरो राष्ट्रीय जनमोर्चा

नई दिल्ली। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राहत भरी खबर आ रही है। देश के 12 जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं। पौड़ीगढ़वाल, माही, कुडु औऱ नॉर्थ गोवा के साथ अब आठ और नए जिलों में पिछले 28 दिन से कोरोना का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। इनमें चित्रदुर्गा (कर्नाटक), बिलासपुर (छत्तीसगढ़), इंफाल पश्चिम (मणिपुर), आईजोल पश्चिम (मिजोरम), भद्रादरी कोथागुदम (तेलंगाना), पीलीभीत (यूपी), एसबीएस नगर (पंजाब), साउथ गोवा (गोवा) शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक जिन जिलों में 28 दिनों तक कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आता है, वह जिला या स्थान कोरोना मुक्त घोषित किया जाता है। वहीं, पिछले 14 दिन से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आने वाले 33 और जिले जुड़ गए हैं। इसके साथ ही कोरोना से 14 दिनों से मुक्त रहने वाले जिलों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। इनमें 33 जिले 9 राज्यों से आते हैं। इन जिलों में असम से हालाकांडी और दक्षिण मनकाछार, हरियाणा से कैथल, केरल से इर्नाकुलम, इदुकी, थ्रिशूर, अलपूड़ा, मध्य प्रदेश से विदिशा, ओडिशा से कटक, केन्द्रपाड़ा, ढेंकनाल, पंजाब से मुक्तसर, अमृतसर, मोगा, तेलंगाना से सिद्धिपेट, पेदापल्ली, नगरकुर्नूल, मुलुगू, जनगांव, महबूबाद, मेहबूब नगर, संगारेड्डी, उत्तराखंड से अलमोड़ा औऱ उधमसिंह नगर और उत्तर प्रदेश से हाथरस, इलाहाबाद, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, शाहजहांपुर, हरदोई, कौशांबी और प्रतापगढ़ शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि देश में कोविड से ठीक होने के प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौजूदा समय में कोविड से स्वस्थ होने वाले लोगों का प्रतिशत 19.89 है। उन्होंने कहा कि कोविड से लोगों को बचाने के लिए आरोग्य ऐप की शुरुआत की गई है। लोगों को इस ऐप को अपने फोन में डाउनलोड करना चाहिए। यह ऐप देशवासियों के लिए कोरोना से रक्षा करने वाला बॉडीगार्ड साबित होगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*