राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 2 लाख 16 हजार के पार पहुंच गए हैं। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच एक अच्छी खबर यह है कि अब तक देश भर में 1,04,107 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
देश में 1,06,737 एक्टिव केस हैं और अबतक 6,075 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और दिल्ली जैसे कुछ चुनिंदा राज्यों के चलते नए मामलों की बढ़ती संख्या में कमी नहीं आ रही। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9,304 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 260 लोगों की मौत हुई है। असम में आज गुरुवार की सुबह 11:47 बजे तक कोरोना के 47 नए केस मिले हैं और अब तक 1,877 संक्रमित व 1,457 मरीज एक्टिव हैं।
राजस्थान में गुरुवार की सुबह 10:30 बजे तक कोरोना वायरस के 68 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 9,720 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजस्थान में कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 2,692 है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लिए बने कॉमन पास:
दिल्ली की सीमाएं सील होने की वजह से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में आवाजाही के लिए एक कॉमन पास बनाने का आदेश जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एक पास जारी हो, जिसकी हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मान्यता हो। एक हफ्ते के भीतर इसको लेकर नीति तैयार की जाए। इसके लिए तीनों राज्यों की बैठक कराई जाए।


Leave a Reply