राष्ट्रीय जनमोर्चा डेस्क
काठमांडू। केरल के आठ पर्यटक नेपाल के दमन में एक रिसॉर्ट के कमरे में मृत पाए जाने से हड़कंप मच गया है। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एसपी सुशील सिंह राठौर ने कहा है कि ये लोग कमरे में गैस हीटर का इस्तेमाल कर रहे थे। ऐसे में यह संभव है कि घुटन की वजह से उनकी मौत हुई हो गई।
नेपाली अखबार द हिमालयन टाइम्स के अनुसार इन सभी को बेहोशी की हालत में एयरलिफ्ट कर काठमांडू लाया गया। यहां एक अस्पताल में इनकी मौत हो गई। यह घटना दमन के एवरेस्ट पैनोरमा रिसॉर्ट में हुई। रिसोर्ट के मैनेजर के अनुसार कमरे की सभी खिड़कियां और दरवाज़े अंदर से बंद थे।
दरअसल, केरल से 15 लोगों का एक समूह पोखरा घूमने आया था। ये लोग वापस केरल लौट रहे थे। इस दौरान वे यहां रिसॉर्ट में ठहरे। मृतकों में आठ लोगों में दो दंपति और चार बच्चे शामिल हैं। द हिमालयन टाइम्स के अनुसार मैनेजर ने बताया कि ये पर्यटक पोखरा से सोमवार की रात करीब 9:30 बजे रिसॉर्ट में पहुंचे थे। यहां वे एक कमरे में रुके थे और कमरे को गर्म करने के लिए गैस हीटर चालू किया। हालांकि, उन्होंने कुल चार कमरे बुक किए थे, उनमें से आठ एक कमरे में रुके थे और बाकी अन्य लोग कमरे में। रिसॉर्ट मैनेजर के अनुसार उनके साथ ठहरे अन्य लोग कमरे में पहुंचे तो उन्होंने इन आठों को बेहोश पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि कैलाश हेलिकॉप्टर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित एक हेलीकॉप्टर से बेहोश पर्यटकों को दो शिफ्टों में काठमांडू के एचएएमएस अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


Leave a Reply