- अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर में 20 से अधिक लोगों की हालत गंभीर
चंडीगढ़। पंजाब के सीमावर्ती जिला अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर में जहरीली शराब पीने से 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। साथ ही शुरुआती जांच में ही एक थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात अमृतसर जिले के गांव मुछल में बुधवार की रात कुछ लोगों ने कच्ची शराब खरीदकर पी थी। उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। गुरुवार की रात होते-होते अमृतसर जिले में अलग-अलग स्थानों पर मौत का सिलसिला शुरू हो गया और शुक्रवार की दोपहर तक अमृतसर जिले में ही 11 लोगों की मौत हो गई। इस बीच तरनतारन जिला के गांव राटौल में भी जहरीली शराब का कहर बरपा। यहां सात लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि सीमावर्ती जिला गुरदासपुर के कस्बा बटाला में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई है। साथ ही इन तीनों जिलों में 20 से ज्यादा लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता के अनुसार प्रारंभिक जांच में किसी जहरीली वस्तु के सेवन से मौत की सूचना है। आगे की जांच की जा रही है। वहीं डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर टांगरा पुलिस चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा जांच में जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ संख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश देते हुए जालंधर के मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में एक एसआईटी का गठन कर दिया है।


Leave a Reply