राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तुमकुरू में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 8 करोड़ किसानों के खाते में पैसा जमा किया गया है। इतने कम समय में यह उपलब्धि हासिल करना बहुत बड़ी बात है। मोदी ने बताया कि आज इस कार्यक्रम में ही अभी एकसाथ देश के 6 करोड़ किसान परिवारों के खाते में 12 हजार करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं। इस दौरान मोदी ने कहा कि देश में एक वह दौर भी था जब देश में गरीब के लिए एक रुपये भेजा जाता था तो सिर्फ 15 पैसे पहुंचते थे। बाकी के 85 पैसे बिचौलिए मार जाते थे। आज जितने भेजे जा रहे हैं, उतने पूरे के पूरे सीधे गरीब और किसान के खाते में पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘किसानों को अपने पशुओं की बीमारियों और उनके इलाज पर कम से कम खर्च करना पड़े, इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। किसान अपने खेत में ही सौर ऊर्जा पैदा करके उसे नेशनल ग्रिड में बेच सके, इसके लिए पीएम कुसुम योजना शुरू की गई है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मछलीपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से जोड़ा जा चुका है। उनकी सहूलियत के लिए बड़ी नदियों और समंदर में नए फिशिंग हार्बर बनाए जा रहे हैं। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए साढ़े 7 हज़ार करोड़ रुपए का विशेष फंड भी बनाया गया है। मछुआरों की नावों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और इसरो की मदद से मछुआरों की सुरक्षा के लिए नेविगेशन डिवाइस नावों में लगाए जा रहे हैं।


Leave a Reply