प्रधानमंत्री 14 अप्रैल की सुबह 10 बजे देश को करेंगे संबोधित, लॉकडाउन पर ले सकते हैं निर्णय

  • प्रीतिका बच्चन
    नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार की सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे। कोरोना वायरस के कारण देश में लागू लॉकडाउन का 14 अप्रैल को आखिरी दिन है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट में यह जानकारी दी गई है। इसमें लिखा है कि कल 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी देश को संबोधित करेंगे। संभव है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में लॉकडाउन कोई बड़ा फैसला लें। ओडिशा, महाराष्‍ट्र, तेलंगाना, पंजाब और बंगाल के मुख्‍यमंत्रियों ने अपने राज्‍य में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दिया है।
    स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार, देश में अभी कुल 7987 सक्रिय मामले हैं। जबकि 856 लोग स्‍वस्‍थ हो गए हैं। उधर 308 मरीजों की मौत हो गई है। इसके अलावा एक मामले में मरीज देश से बाहर चला गया है।
    उल्लेखनीय है कि पिछले माह, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो बार 19 और 24 मार्च को देश को संबोधित किया था। 19 मार्च को उन्‍होंने कोरोना वायरस से जंग और इसे रोकने के बारे में बात की थी। इसके बाद उन्‍होंने 22 मार्च, रविवार को ‘जनता कर्फ्यू’ का ऐलान किया था। साथ ही शाम को जनता से घंटा बजाने, थाली बजाने या फिर ताली बजाने का आग्रह भी किया था और लोगों ने इसमें एकजुटता दिखाई थी। 24 मार्च को उन्‍होंने इस घातक महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए 21-दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया था। इस माह 3 अप्रैल को सुबह 9 बजे उन्‍होंने एक वीडियो संदेश देकर जनता से रात 9 बजे लाइट बंद कर 9 मिनट के लिए एक दीया, मोमबत्‍ती, टॉर्च, मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट में से किसी एक को जलाने का निवेदन किया था। प्रधानमंत्री के इस आग्रह का पालन भी देश की जनता ने पूरे मन से किया था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*