बलिया पत्रकार हत्याकांड का मुख्य आरोपी हीरा सिंह गिरफ्तार

डीआईजी ने कहा- सभी आरोपियों पर लगाया जाएगा रसुका, गैंगस्टर ऐक्ट के तहत होगी कार्रवाई
अब तक इस मामले के 8 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

नई दिल्ली। बलिया के पत्रकार रतन सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी हीरा सिंह को आज शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। इसे लेकर अब तक इस मामले के कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दो अभी फरार हैं। गुरुवार को डीआईजी आजमगढ़ ने एलान किया था कि फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये की जाएगी।
शुक्रवार को डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद दुबे ने बताया कि पत्रकार हत्याकांड के सभी आरोपियों पर न सिर्फ रासुक लगाया जाएगा बल्कि गैंगस्टर ऐक्ट की धारा 14 (1) के तहत संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। इस मामले में 10 लोग नामजद हैं। इनमें से 2 आरोपी अभी फरार हैं। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दस आरोपियों में से 5 आरोपियों की पुरानी केस हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। इतनी कड़ी कार्रवाई होगी कि ऐसी घटना कोई दोहराने की हिम्मत नहीं कर सकेगा।
उल्लेखनीय है कि फेफना थाना से चंद कदम की दूरी पर पत्रकार रतन सिंह की हत्या सोमवार 24 अगस्त को गोली मारकर की गई थी। मामले पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। कोर्ट ने सभी फरार आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया है। वहीं पत्रकार रतन सिंह के पिता ने फेफना थानाध्यक्ष शशिमौली को रतन सिंह हत्याकांड का जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की साजिश में थानाध्यक्ष शशिमौली पांडेय की भूमिका संदिग्ध रही है। उन्होंने एसएचओ पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग भी की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*