बिना रुके, बिना थके जरूरमंदों को ‘नया सवेरा’ की डॉ. कमलेश बांट रही हैं राशन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना वायरस (कोविड-19) की जंग किसी विश्वयुद्ध से कम नहीं है। इसे जीतने के लिए जहां सरकार ने देश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है, वहीं इस कठिन समय में भी अपनी परवाह न करते हुए सामाजिक संस्था नया सवेरा सोसायटी की अध्यक्ष डॉ कमलेश भारद्वाज अपने कर्तव्य, समाज और देश के प्रति समर्पित हैं। वह बिना रुके, बिना थके जनपद के विभिन्न स्थानों पर बेसहारा, गरीबों और जरूरतमंदों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने में लगी हैं।

डॉ कमलेश भारद्वाज एक शिक्षाविद् हैं। पेशे से प्रोफेसर हैं और पत्रकारिता से भी जुड़ी हैं। समाजसेवा उनका मुख्य उद्देश्य है। आज लॉकडाउन का 26वां दिन हैं। अब तक डॉ कमलेश 130 से ज्यादा परिवारों में करीब 8 क्विंटल राशन (आटा, चावल, दाल, नमक, सरसों का तेल) का वितरण कर चुकी हैं। इसके अलावा मास्क तथा अन्य जरूरी सामग्री भी बांट रही हैं। उन्हें जैसे ही किसी जरूरतमंद का फोन आता है, वह तुरंत अपनी गाड़ी और संस्था के किसी सहयोगी को लेकर उस गरीब, बेसहारा, दिव्यांग और मेहनत-मजदूरी करने वाले की मदद करने निकल पड़ती हैं।

डॉ कमलेश भारद्वाज उन कर्मवीरों को भी सादर धन्यवाद देती हैं, जो इस कठिन समय में अपनी परवाह न करके समर्पित हैं अपने कर्तव्य के प्रति। कहती हैं, डॉक्टर, सफाईकर्मी, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, मीडियाकर्मी आदि किसी योद्धा से कम नहीं हैं। इन सभी का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कुछ स्थानों पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है, हमला करने वाले समाज के दुश्मन हैं। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*