पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिला है और राज्य में एक बार नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। एनडीए को कुल 125 और महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं। एनडीए में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी है, आज बुधवार की शाम दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में जश्न की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यालय में जश्न में शामिल होंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के 243 सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। अबतक जीती हुई घोषित सीटों में से एनडीए को 125, महागठबंधन को 110 और एआईएमआईएम, बसपा व दूसरे दलों को 8 सीटें मिली हैं। इस तरह एनडीए ने बहुमत हासिल कर लिया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है।
बिहार चुनाव में एनडीए के अच्छे प्रदर्शन पर दोनों नेताओं ने मंगलवार को बातचीत की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उदय नारायण चौधरी को हराया है। जबकि इस चुनाव में कई दिग्गज चुनाव हार गए हैं। लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय परसा से चुनाव हार गए हैं। वे जदयू के टिकट पर चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे थे। नीतीश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा मुजफ्फरपुर से चुनाव हार गए हैं।


Leave a Reply