नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच लद्दाख में गलवन घाटी के पास चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में चीन को बड़ा नुकसान हुआ है। उसके 40 से ज्यादा सैनिकों के मारे जाने की खबर है। इस हिंसक झड़प में चीनी सेना की यूनिट के कमांडिंग अफसर भी ढेर हुआ है, जबकि 20 भारतीय जवानों के शहीद होने की खबर आ रही है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज तीनों सेना प्रमुखों के साथ एक अहम बैठक की है।
बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि गलवन घाटी में सैनिकों का नुकसान गहरा, परेशान करने वाला और दर्दनाक है। हमारे सैनिकों ने कर्तव्य की राह में अनुकरणीय साहस और वीरता का प्रदर्शन किया और भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं में अपने जीवन का बलिदान दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र उनकी बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। राष्ट्र इस कठिन घड़ी में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमें भारत के बहादुरों की बहादुरी और साहस पर गर्व है।
भारत और चीन के बीच लद्दाख सीमा पर हुई हिंसक झड़प पर बोलते हुए ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा है कि इस तरह की चीजें डराने वाली हैं। ब्रिटिश उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा कि हम भारत और चीन को सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत से हल निकालने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हिंसा किसी के हित में नहीं है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुखों (सेना, नौसेना और वायु सेना) और रक्षा कर्मचारियों के प्रमुखों के साथ एक बैठक की है। उन्होंने मौजूदा स्थिति पर भी विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की है। एजेंसी के अनुसार लद्दाख की गलवन घाटी में हुई हिंसक झड़प में मारे गए चीनी सैनिकों में चीनी यूनिट का कमांडिंग ऑफिसर भी शामिल है। वहीं जो सैनिक फेस-ऑफ का हिस्सा थे, उन्होंने चीनी हताहतों की संख्या के बारे में बताया। यद्यपि मारे गए और घायल दोनों हताहतों की सही संख्या बताना मुश्किल है। संख्या 40 से अधिक होने का अनुमान है।
लद्दाख में गलवन नदी के पास भारत-चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि यह आकलन किया गया है कि 15-16 जून की रात को हुई हिंसक झड़प में चीन को भारी संख्या में हताहतों की संख्या का सामना करना पड़ा है। सोमवार शाम चीनी सैनिकों के साथ लद्दाख की गलवन घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद फिलहाल चार भारतीय सैनिकों की हालत गंभीर है।
अमेरिकी मीडिया का बयान
इस बीच अमेरिकी मीडिया के अनुसार, चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने भारतीय सेना के जवानों के साथ आमने-सामने की लड़ाई में उलझकर भारती को उकसाया है। 15 जून की देर शाम और रात को हुई हिंसक झड़प चीनी सैनिकों द्वारा डी-एस्केलेशन के दौरान यथास्थिति को एकतरफा बदलने के प्रयास का एक नतीजा थी। वॉशिंगटन एग्जामिनर में एक ओपिनियन पीस में लिखा गया है कि चीन के पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए।
उल्लेखनीय है कि भारत और चीन के बीच लद्दाख में गलवन घाटी के पास चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए।इनमें एक कमांडिंग अफसर भी शामिल हैं। इस झड़प में चीन को भी काफी नुकसान हुआ है। भारतीय सेना की ओर से गलवन घाटी में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ हुई झड़प में 20 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। उधर, सूत्रों के अनुसार चीनी पक्ष के 43 सैनिकों के ढेर होने की बात कही गई है। हालांकि, इस बात की किसी भी पक्ष ने पुष्टि नहीं की है।


Leave a Reply