मुजफ्फरनगर हिंसा में मृत नूर के परिजनों से मिलीं प्रियंका ने कहा : न्याय दिलाकर रहेंगे

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

मेरठ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा शनिवार की सुबह मुजफ्फरनगर पहुंचीं। उन्‍होंने यहां 20 दिसम्बर को हुई हिंसा में मारे गए नूर मोहम्‍मद के परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ सहारनपुर के पूर्व विधायक इमरान मसूद और पंकज मलिक हैं।

नूर मोहम्‍मद के परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका वाड्रा ने कहा कि पुलिस ने यहां लोगों को बेवजह पीटा है। एक लड़की की शादी है, उसके यहां तोड़फोड़ की गई। बेवजह कम उम्र के बच्‍चों सहित कई लोगों को पकड़ लिया गया। मदरसे के अंदर पुलिस आई और बच्‍चों के साथ मारपीट की। हमारे पास पूरी डिटेल है, जहां-जहां पुलिस ने मारपीट की है। जिनके साथ भी अन्‍याय हुआ, हम उनके साथ खड़े हैं। न्‍याय दिलाकर रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि मेरठ में हिंसा में छह लोग मारे गए थे। इसके पूर्व बीते 24 दिसम्बर को प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी को मेरठ आने से रोका गया था। दोनों यहां 20 दिसम्बर को जुमे की नमाज की बाद हुई हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने आ रहे थे। 24 दिसंबर को मेरठ आ रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को मेरठ पुलिस ने परतापुर थाने के पास ही रोक दिया था। पुलिस के आग्रह पर वे दिल्ली लौट गए थे। बिजनौर के बाद अब मेरठ आ रहीं प्रियंका गांधी ने फोन पर ही हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं। जल्द मिलने भी आएंगी।

इसके पूर्व 24 दिसंबर को मेरठ आने की कोशिश करते हुए दिल्ली वापस लौटने से पहले प्रियंका ने मीडिया से कहा था कि हम हिंसा पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे, लेकिन मेरठ में धारा 144 का हवाला देकर पुलिस ने जाने नहीं दिया। हमें उनसे मिलने से रोका गया। हम कोई टकराव नहीं चाहते हैं, इसलिए लौट रहे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर तंज भी कसा और कहा कि नागरिकता संशोधन कानून की आग में जबरन लोगों को झोंका जा रहा है ।राहुल गांधी से जब पूछा गया कि क्या भाजपा सरकार आपको जनता तक पहुंचने से रोकना चाहती है, तो वे बस इतना बोले कि अब आप ही देख लीजिए, यहां क्या हो रहा है। राहुल बोले, पुलिस से रोके जाने का हमने आदेश मांगा, लेकिन उन्होंने आदेश नहीं दिखाया। बस लौट जाने को कहते रहे।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*