याद रहेगी सुरेंद्र गोयल की सेवा और प्रतिबद्धता की भावना: सोनिया गांधी

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता सुरेंद्र गोयल का शुक्रवार को कोरोना के चलते निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आखिरी सांस ली। पूर्व सांसद के निधन पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं अन्य नेताओं ने दु:ख व्यक्त किया है। बीते दो दिनों में राजीव त्यागी के निधन के बाद कांग्रेस को यह दूसरा बड़ा झटका है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा है, “सुरेंद्र गोयल के दुखद निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। उनकी सेवा और प्रतिबद्धता की भावना हमेशा याद रहेगी। परिवार के सदस्यों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने भी सुरेंद्र गोयल के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र गोयलजी एक जुझारू नेता थे। वो अपने सरल स्वभाव और दृढ़ इच्छाशक्ति के लिए जाने जाते थे।पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को दुख सहने का संबल प्रदान करे।
पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सुरेंद्र गोयल जैसे ज्वलन्त व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना हृदय विदारक है। सुरेंद्र जी के स्वर्गवास से मुझे निजी क्षति हुई। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी रिक्तता कचोटेगी।
उल्लेखनीय है कि एक जनवरी,1946 को जिला गौतमबुद्ध नगर में जन्में सुरेंद्र गोयल कांग्रेस की राजनीति करते हुए पहली बार 1972 में नगर पालिका गाजियाबाद के सदस्य चुने गए थे। 1973 में नगर पालिका के चेयरमैन बने और फिर 1989 में भी चेयरमैन बने। 2002 में शहर से विधायक चुने गए। साल 2004 में पहली बार कांग्रेस से सांसद चुने गए। केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहते हुए शहर के लिए कई विकास कार्य करवाने का श्रेय उन्हीं को जाता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*