डॉ सुधीर कुमार भारद्वाज
बुलंदशहर। थाना कोतवाली अनूपशहर अंतर्गत एक मंदिर परिसर में दो साधुओं की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। आरोपित को आदतन नशेड़ी बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
लोमहर्षक घटना अनूपशहर थाना कोतवाली के पगौना गांव की है। यहां के शिव मंदिर की दो साधु करीब 10 साल से देखरेख और पुरोहित का काम करते थे। सोमवार की देर रात मंदिर परिसर में ही दोनों साधुओं की धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह गांव के लोग मंदिर में आए तो इस संगीन वारदात का पता चला। एकदम से कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पगौना थाना अनूपशहर कोतवाली जनपद बुलंदशहर की इस घटना का संज्ञान लेते हुए डीएम, एसएसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर विस्तृत आख्या देने और दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने निर्देश दिए हैं।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार कुछ दिन पहले उसने पुजारियों का चिमटा गायब कर दिया था। इस पर पुजारियों ने उसे डांटा-फटकारा था। उसी के कारण आज तड़के आरोपित ने दोनों पुजारियों की हत्या कर दी। आगे की जांच की जा रही है।


Leave a Reply