लखनऊ में बॉलीवुड सिंगर कनिका सहित छह में कोरोना वायरस, यूपी में संख्या हुई 24

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। चीन से फैले कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के साथ ही लोगों के प्रयास के बाद भी इनकी संख्या बढऩे से अब यह स्टेज थ्री की ओर अग्रसर है। इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की घोर लापरवाही के कारण लखनऊ में बड़ी आबादी संकट में है।
कनिका कपूर के साथ लखनऊ में शुक्रवार को छह और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो गई है। बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर 15 मार्च को लंदन से आने के बाद कई जगह भ्रमण पर थीं। लखनऊ में पॉश एरिया महानगर के शालीमार गैलेंट में रहने वाली चर्चित सिंगर कनिका कपूर में आज कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो गई है। उनको किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में तीन अन्य लोगों के साथ भर्ती कराया गया, इसके बाद संजय गांधी पीजीआई भेजा गया है। कनिका का पड़ोसी भी जांच में संक्रम‍ित पाया गया है।
कोरोना पॉजिटिव बॉलीवुड की मशहूर सिंगर ने लखनऊ की बड़ी आबादी को संकट में डाल दिया है। वे 15 मार्च को लंदन से लखनऊ आई थीं। एयरपोर्ट पर वॉशरूम में छिपकर निकल गईं। हालांकि उनके पिता राजीव कपूर का दावा है कि वह लखनऊ एयरपोर्ट पर प्रापर स्कैनिंग के बाद ही बाहर निकली थीं। इसके बाद उन्होंने लखनऊ के नामी सितारा होटल में सौ से ज्यादा लोगों को पार्टी दी। आज उनकी जांच हुई तो कोरोना पॉजिटिव निकलीं। पार्टी में शहर के तमाम अफसर के साथ हाईप्रोफाइल लोग शामिल हुए थे। गैलेंट अपार्टमेंट के लोगों ने डॉक्टरों को सूचना देकर पूरी जानकारी दी।
कनिका कपूर लखनऊ के ताज होटल में एक पार्टी में भी गईं थी। पार्टी में तमाम बड़े अफसर और कई नेता शामिल थे। महानगर के अपार्टमेंट के साथ लखनऊ में खलबली मची है। कनिका के साथ उनकी मेड की रिपोर्ट पॉजिटिव है। वह जिस-जिस पार्टी में गईं, वहां के सैकड़ों नौकर-चाकर और पार्टी कैटरर के तमाम कर्मी भी दहशत में हैं। कनिका कपूर के भाई ने कहा है, वह लंदन गई थीं और वापस आने के बाद उसने गले में खराश और फ्लू की शिकायत की। हमने उनका टेस्ट करवाया और यह पॉजिटिव आया है। कनिका के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनकी पार्टी में शामिल हुए लोग भी दहशत में हैं।
लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में आयोजित उनकी पार्टी में करीब 125 लोग शामिल हुए थे। कनिका कपूर के पिता ने बताया कि लंदन से आने के बाद कनिका तीन पार्टियों में जा चुकी हैं। इस दौरान वह करीब 400 लोगों से मिलीं। कनिका पूर्व सांसद अकबर अहमद डम्पी के यहां पार्टी में शामिल हुई थीं। जिसमें भाजपा के कई बड़े नेता, मंत्री व अधिकारी शामिल हुए थे। वह एक बड़े कारोबारी के घर आयोजित पार्टी में भी गई थीं। होटल ताज में भी एक कैबिनेट मंत्री और कई आईएएस अफसर, पेज थ्री सेलिब्रिटी, नेता और मंत्री शामिल हुए थे। दोनों ही पार्टियों में कैटरिंग स्टाफ व होटल स्टाफ को हटाकर 500-700 लोग शामिल हुए। कनिका ने कई लोगों के साथ सेल्फी खिंचवाई और हैंडशेक किया। कनिका के परिवार में छह लोग हैं। उनके परिवार की भी स्क्रीनिंग की जाएगी।

कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से ही कनिका कपूर को लखनऊ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह इस समय अस्पताल में हैं। उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। कनिका ने अस्पताल में उनके साथ हो रहे बुरे व्यवहार को लेकर आज तक से बात की। उन्होंने कहा- ‘मुझे इस समय बुखार है। मैं अस्पताल में हूं, अकेली हूं। यहां खाने-पीने को कुछ नहीं है, पानी नहीं है। मैं परेशान हूं। मुझे नहीं पता मेरी कैसी जांच होगी। डॉक्टर्स ने मुझे धमकाया है। उन्होंने कहा कि तुमने बहुत बड़ी गलती की है। तुम बिना जांच कराए भागी हो। मुझे नहीं पता ये बातें कहा से आ रही हैं। अस्पताल में मेरी हेल्प नहीं मुझे धमकाया जा रहा है। मैं क्वारनटीन में हूं। मरीज को धमकाना तो नहीं चाहिए। किसी को कुछ भी बोल देंगे क्या। ये सब अफवाहें हैं। मैं हिंदुस्तान में एयरपोर्ट पर होने वाली जांच से कैसे भाग सकती हूं? मैं पढ़ी लिखी हूं, मैं बहुत मेहनत करती हूं। मुझे नहीं पता किसने ये बात फैलाई है।’

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*