राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। इसके बावजूद लोग इसके प्रति लापरवाह हो रहे हैं। पूरे महानगर में तमाम लोग बिना मास्क घूमते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि इन लोगों को कोरोना का कोई भय ही नहीं है। बसों में सफर करने वाले लोगों से लेकर बस स्टैंड में घूमने वाले लोग बिना मास्क दिखाई देते हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण और बढ़ सकता है। इसलिए लोगों को जागरूक करने के लिए गुुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना, शम्भू दयाल कॉलेज गाजियाबाद और नेहरू युवा केन्द्र (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में एक रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ शम्भू दयाल कॉलेज की प्राचार्य डॉ मंजू गोयल, जिला युवा समन्वयक देवेन्द्र कुमार एवं लेखाकार मुकन्द वल्लभ शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शम्भू दयाल कॉलेज प्रांगण से चलकर, घण्टाघर होते हुए कोतवाली, रेलवे रोड से चौधरी मोड़ होती हुई वापस शम्भू दयाल कॉलेज में ही सम्पन्न हुई। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों और युवा मंडल के पदाधिकारियों ने दो गज की दूरी, मास्क लगाना ज़रूरी का संदेश दिया। लोगों को घर से बाहर मास्क लगाने की हिदायत दी और समझाया गया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को अनदेखा न करें।
जिला युवा समन्वयक देवेंद्र कुमार ने बताया कि महामारी से हमें अभी सतर्क रहने की आवश्यकता है। जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं। डॉ नीलम गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि अभी भी जागरूकता कार्यक्रमों को करने की बहुत आवश्यकता है। जागरुकता रैली को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ नीलम गर्ग, डॉ अजय उपाध्याय के साथ-साथ युवा मण्डल के सदस्यों तालिब, आज़ाद अन्सारी, प्रियंका, सुप्रिया, सनोवर खान उर्फ सोनू, स्वयंसेवकों रूपेश, सत्यम, राहुल कुमार, नितिन, राहुल, वंशिका, आंचल, श्रद्धा, साधना आदि का विशेष योगदान रहा।


Leave a Reply