सरकार कृषि कानूनों की वापसी के लिए और कितने अन्नदाताओं की लेगी कुर्बानी: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों ने पिछले 23 दिन से दिल्ली बॉर्डर पर डेरा डाल रखा है। बर्फीली हवाएं और कड़ाके ठंड भी उन्हें पीछे नहीं हटा पा रही है। इस बीच बताया जा रहा है कि अब तक 22 किसानों की मौत हो चुकी है। इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा है कि सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अन्नदाता और कितनी कुर्बानी देंगे?
उल्लेखनीय है कि 23 दिन के आंदोलन में 22 किसानों की मौत हो चुकी है। इस पर गहरा दुख जताते हुए राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने पूछा है, “और कितने अन्नदाताओं को कुर्बानी देनी होगी? कृषि विरोधी कानून कब खत्म किए जाएंगे?” ट्वीट के साथ राहुल ने एक खबर भी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि दिल्ली कूच के बाद पंजाब के अब तक 22 किसानों की मौत हो चुकी है।
दरअसल, कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियां पिछले कई दिनों से किसानों का मुद्दा उठा रही हैं। कांग्रेस ने तो केंद्र की मोदी सरकार को किसान विरोधी भी करार दे दिया, वहीं नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*