सीएए के विरोध में उत्तर प्रदेश में भड़की हिंसा, अब तक 11 लोगों की मौत

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

– मेरठ हिंसा में 4 लोगों की मौत, आरोपियों पर होगी एनएसए के तहत कार्रवाई

– गाजियाबाद में 3600 लोगों पर केस दर्ज, 65 गिरफ्तार

लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर उत्तर प्रदेश में हिंसक प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को हुई हिंसा में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले मेरठ में हिंसा के दौरान 4 लोगों की जान गई है।

कानपुर, फिरोजाबाद, बहराइच, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, हापुड़, बुलंदशहर समेत कई जिलों में पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। मेरठ के एसएसपी अजय कुमार के मुताबिक साजिश के तहत हिंसा की गई। हिंसक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी फायरिंग की। एसएसपी के मुताबिक हिंसक भीड़ की तरफ से 50 राउंड से ज्यादा फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में 13 एफआईआर दर्ज हुई हैं। आरोपितों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि तोड़फोड़ को लेकर लखनऊ में अब तक 218 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। संभल में दो प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद पुलिस ने 35 के खिलाफ मुकदमा और सैकड़ों अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। जबकि अकेले गाजियाबाद में 3600 लोगों पर केस दर्ज हुआ है। ऐतिहातन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत बिजनौर, मेरठ, फिरोजाबाद, कानपुर, संभल, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, हाथरस, बहराइच और बुलंदशहर में शुक्रवार को इंटरनेट बंद कर दिया गया था।

गाजियाबाद में 3600 लोगों पर केस दर्ज किया गया है, जिसमें 400 से ज्यादा नामजद और 3200 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ है। इसके अलावा गाजियाबाद में 65 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। इसके अलावा बुलंदशहर में 19 नामजद और करीब 800 अज्ञात  लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। साथ ही 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*