हरियाणा: कैथल में 25 हजार के इनामी समेत 3 बदमाश गिरफ्तार

कैथल। एक वर्ष पूर्व चीका के एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर फायरिंग कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना 25 हजार के इनामी जैकी बिजणा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश व्यापारी की हत्या की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से 6 अवैध पिस्तौल, 55 कारतूस और एक कार बरामद किया है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, तीनों बदमाशों के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं। दो आरोपियों ने यूपी के बाराबंकी में डबल मर्डर की वारदात को भी अंजाम दिया है। हरियाणा पुलिस तीनों बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
एसपी शशांक सावन ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में टीम चक्कुलदाना मोड़ पर मौजूद थी। नाकाबंदी कर अगौंध की तरफ से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार चक्कुलदाना की तरफ भगाने लगे। पुलिस ने करीब 3 किलोमीटर तक पीछा किया। इसी बीच तीनों बदमाश कार से उतरकर खेतों की तरफ अलग-अलग दिशा में भागने लगे लेकिन सीआईए पुलिस कर्मियों ने तीनों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान 25 हजार रुपये के इनामी, न्यायालय से उद्घोषित बदमाश जितेंद्र उर्फ जैकी निवासी गांव बीजना जिला करनाल, अनित उर्फ नितिन निवासी भाणा जिला कैथल और रामपाल उर्फ मोनू राहड़ा जिला करनाल के रूप में हुई है। आगे की जांच-पड़ताल जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*