हाथरस में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता के विरोध में राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
कौशाम्बी। बीते दिनों उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुए दुष्कर्म कांड की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने जो दुर्व्यवहार किया, उसे लेकर जिले के पत्रकारों ने रोष जताया है। इसी मामले को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय मीडिया महासंघ (एनएमसी) की स्थानीय इकाई के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में पत्रकारों ने सिराथू उप जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों को बर्खास्त करने के साथ-साथ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष दिनदेश कुमार ने कहा है कि हाथरस जनपद में बीते दिनों मीडिया कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के साथ प्रशासन व पुलिस का रवैया बेहद असंवैधानिक था। पत्रकारों को उनके काम करने से रोका गया। उनके साथ अभद्रता की गई। यहां तक कि महिला मीडियाकर्मियों के साथ भी पुलिस और स्थानीय उप जिलाधिकारी (एसडीएम) ने गलत व्यवहार किया। इस घटना की हम कड़ी निन्दा करते हैं। उन्होंने कहा कि हम माननीय राज्यपाल से हाथरस प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पर दंडात्मक कार्यवाही की मांग करते हैं।
जिला महामंत्री राज किशोर शुक्ला ने कहा कि यदि पत्रकारों के सम्मान की अनदेखी की गई तो आगामी दिनों में हमारा संगठन एवं अन्य तमाम संगठन सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन देते समय एनएमसी कौशाम्बी मीडिया प्रभारी असगर अली, महामंत्री राज किशोर शुक्ला, जिला मंत्री अनिल मौर्या, अमन विश्वकर्मा, विशाल कुमार साहू, इरशाद अहमद, अंकित पांडेय, सुनील कुमार सहित कई और पत्रकार भी उपस्थित रहे।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*