सीआईडी सीरियल से प्रसिद्ध इंस्पेक्टर पूर्वी का किरदार निभा रही अभिनेत्री अंशा सैयद ने अभिनय की शुरुआत टीवी सीरियल आहट में एक छोटा-सा स्क्रीन के रूप में डेब्यू किया था। तब वह कॉलेज में थीं। उसके बाद स्ट्रगल करना पड़ा, फिर अंशा सीआईडी में इंस्पेक्टर पूर्वी के रोल में दिखाई दी। इसी सीरियल के साथ-साथ उन्हें लागी तुझसे लगन और रंग बदलती ओढऩी टीवी सीरियल में काम करने का मौका मिला, लेकिन सीआईडी इंस्पेक्टर पूर्वी के रोल को लेकर दर्शक ज्यादा प्रभावित हुए। आजकल कोरोना वायरस (कोविड-19) से लडऩे के लिए सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर रखा है। ऐसे में अंशा कैसे वक्त बिता रही हैं, जानते हैं उनसे बातचीत करने वाले राष्ट्रीय जनमोर्चा के विशेष संवाददाता डॉ श्रीकांत शर्मा से-
लॉकडाउन में घर में कैद हो गई हैं?
दिनचर्या पर फर्क तो पड़ा है। जब आप शूटिंग कर रहे होते हैं तो एक टाइमटेबल के अनुसार काम करते हैं। लेकिन पूरा-पूरा दिन घर में रहने से रुटीन थोड़ा गड़बड़ा जाता है। सुबह उठकर व्यायाम करती हूं। फिर रोग-प्रतिरोधक क्षमता बनाये रखने के लिए संतुलित आहार लेती हूं। शूटिंग के चलते, विगत वर्षों में परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का समय नहीं मिल पा रहा था। अब मिला है तो आनंद ले रही हूं।
कोरोना वायरस की खबरों के बीच खुद को सकारात्मक ऊर्जा कैसे प्रदान करती हैं?
परिवार का साथ ही सबसे बड़ी ऊर्जा देता है। मेरा मानना है कि सकारात्मकता से ही रचनात्मकता हासिल की जा सकती है। कोरोना से निपटने की स्थिति अभी हमारे हाथ में नहीं है, इसलिए इस महामारी पर नियंत्रण के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करना हम सभी के लिए बहुत जरूरी है।
सोनी टीवी पर सीआईडी के कुछ एपिसोड को पुन: प्रसारित किया जा रहा है। आप क्या कहेंगी?
सीआईडी सीरियल टीवी के इतिहास में सबसे अधिक समयावधि तक चलने वाला धारावाहिक है। सभी आयु वर्ग के दर्शकों ने इसे पसंद किया है। जो दर्शक उन एपिसोड को देख नहीं सके थे, उनके लिए अच्छी खबर है। हम भी पुराने धारावाहिकों को देखकर उनसे कुछ सीख लेते हैं और साथ में मनोरंजन भी करते हैं।
सीआईडी टीम बड़े-बड़े मामले सुलझाती है। कोरोना जैसे संकट की इस घड़ी में लोगों को क्या संदेश देंगी?
यही कहूंगी कि सभी अपने आत्मविश्वास रखें। हम कोरोना के खिलाफ जंग जरूर जीतेंगे। कोरोना वायरस को कतई हल्के में न लें। किसी के कहने या बताने अथवा फेक न्यूज के आधार पर दूसरों की जान जोखिम में न डालें। घर में रहें। खुद को सुरक्षित रखें और दूसरों के लिए भी खतरा पैदा न करें। सरकार के निर्देशों का पूरा-पूरा अनुसरण करें। हर अंधेरी रात के बाद उजाला होता है। आने वाली सुबह की किरण हमारे लिए जरूर शुभ संदेश लेकर आएगी। हम इस संकट से जरूर निकलेंगे।
सोशल मीडिया के जरिए कई अभिनेता-अभिनेत्रियां वीडियो वायरल कर दर्शकों को घर में रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आप क्या कहेंगी?
केक, लड्डू या खाने की कोई डिशेज बनाकर उसका वीडियो वायरल करने से अच्छा है कि किसी गरीब-मजबूर की मदद करने के लिए हम लोगों को प्रेरित करें। इस मुश्किल वक्त में किसी के काम आ सकें। आप आम हों या खास, हम सभी को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। आप प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री कोष में अपनी सुविधानुसार दान भी दे सकते हैं।


Leave a Reply