राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
हाथरस। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में चल रहे साकार हरि बाबा का सत्संग समाप्त होने के बाद जैसे ही भीड़ निकलने लगी, तभी भगदड़ मच गई। अब तक 90 लोगों की मौत की खबर है और इससे ज्यादा लोग घायल हैं। लोगों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे पर शोक जताया है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया गया है।
हाथरस से राष्ट्रीय जनमोर्चा के संवादसूत्र ने बताया है कि घटनास्थल एटा सिकंदराराऊ के बॉर्डर पर है। मंगलवार की दोपहर 12.30 बजे सत्संग समाप्त होने के बाद भीड़ को रोक दिया गया था और भोले बाबा को पीछे के दरवाजे से निकाला जा रहा था। जिससे दबाव बढ़ गया। वहां एक गहरा गड्ढा था। कुछ लोग उसमें गिरे तो एकदम से भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को रौंदकर निकलते रहे और गड्ढे में गिरकर लोगों की मौत होती रही। महिलाओं और बच्चों समेत 75 से अधिक मौतों की पुष्टि हुई है। घायलों को लगातार अस्पतालों में भेजा जा रहा है। मृतकों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है।


Leave a Reply