समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की कोषाध्यक्ष सुषमा अवाना के नेतृत्व में बच्चों ने लगाए 101 पौधे

भारतीय नववर्ष के शुभ अवसर पर संस्कृति व पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

नोएडा। नवरात्र के प्रथम दिन समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की कोषाध्यक्ष सुषमा अवाना के नेतृत्व में द अर्थ पैराडाइज स्कूल के बच्चों ने 101 पौधे लगाकार भारतीय नववर्ष का शुभारंभ किया। साथ ही भारतीय संस्कृति व पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। सुश्री सुषमा अवाना द अर्थ पैराडाइज स्कूल की प्रधानाचार्य भी हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हम सभी का यही प्रयास होना चाहिए कि हमारे बच्चे अपनी भारतीय संस्कृति से जुड़े रहें, जिससे उनके हृदय में संस्कार, संस्कृति और सभ्यता के प्रति प्यार उत्पन्न हो और हम सभी एकता-अखंडता को बनाए रखते हुए देश के विकास में सहयोग करें।
उन्होंने चैत्र नवरात्रि और पारंपरिक भारतीय नव वर्ष के शुभारंभ पर शनिवार को लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘सभी देशवासियों को नवरात्रि की बधाई। शक्ति की उपासना का यह पर्व हर किसी के जीवन में नयी ऊर्जा का संचार करें।’
उल्लेखनीय है कि भारतीय नव वर्ष को देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग उत्सवों के रूप में मनाया जाता है। सुश्री अवाना ने बताया कि विक्रम संवत 2079 का शुभारंभ शनिवार दो अप्रैल से हो गया है। चारों ओर कलश स्थापना के साथ मां दुर्गे की आराधना हो रही है। ऐसे में आम लोगों को यह जानना चाहिए कि नववर्ष का क्या महात्म्य है। उन्होंने बताया कि हिंदू बांधव भारतीय संस्कृति के अनुसार नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा अर्थात गुड़ीपाड़वा मनाएं। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को सृष्टि की निर्मिति हुई, इसलिए यह केवल हिंदू धर्मियों का ही नहीं, अपितु अखिल सृष्टि का प्रारंभ दिन है, यह ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नववर्षारंभ मनाना, यह प्राकृतिक, ऐतिहासिक, आध्यात्मिक आदि सभी दृष्टि से श्रेयस्कर और लाभदायक है। इस अवसर पर शिक्षक पूजा अवाना, कीर्ति राजपूत, काशी पाल, रजत प्रधान के अलावा विद्यालय प्रबंधक व समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकारिणी सदस्य राहुल आवाना आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*