बीजापुर मुठभेड़ में 22 जवान शहीद, 9 नक्सली ढेर

जितेन्द्र बच्चन
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 22 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए हैं। इससे पहले शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने 5 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की थी और 21 जवान लापता बताए जा रहे थे। लेकिन गांव के करीब और जंगल में शहीद जवानों के अब तक 22 शव मिले हैं। मुठभेड़ स्थल पर 9 नक्सलियों के शव भी बरामद हुए हैं। कई जवान घायल हुए हैं और अभी भी कई लापता बताए जा रहे हैं। घायल जवानों को बीजापुर और रायपुर के अस्पतों में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सीआरपीएफ के डीजी रायपुर पहुंच गए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुठभेड़ के संबंध में छत्तीसगढ़ के मख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की है। गृह मंत्री के आदेश पर सीआरपीएफ के महानिदेशक कुलदीप सिंह स्थिति का जायजा लेने के लिए आज सुबह छत्तीसगढ़ पहुंचे। सीएम बघेल आज शाम तक असम से छत्तीसगढ़ लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात हुई है। उन्होंने सीआरपीएफ महानिदेशक को राज्य में भेजा है। एक रिइंफोर्समेंट पार्टी को मुठभेड़ स्थल पर भेजा गया है। दर्जनभर से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
बस्तर आईजी सुंदरराज के अनुसार घटनास्थल के आसपास अभी भी नक्सलियों के मौजूदगी की आशंका है। ऐसे में रिइंफोर्समेंट पार्टी सावधानी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कोबरा बटालियन के एक जवान की शहादत की जानकारी दी थी। साथ ही एक महिला सहित 9 नक्सलियों के शव बरामद होने की भी खबर दी। उन्होंने कहा है कि कम से कम 15 नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है।
प्रधानमंत्री ने जताया गहरा दु:ख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मेरे विचार छत्तीसगढ़ में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों के साथ हैं। वीर शहीदों की कुर्बानियों को हमेशा याद रखा जाएगा। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुठभेड़ में जवानों के शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश उनकी वीरता को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने ट्वीट करके कहा, ‘छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को नमन करता हूं। मेरी संवेदना उनके परिवारों के साथ हैं। हम शांति और प्रगति के इन दुश्मनों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना है।’

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*