राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। सामाजिक संस्था नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान से अब कमजोर तबके की महिलाएं भी अपने हक के बारे में जागरूक हो रही हैं। निरक्षर या कम पढ़ी-लिखी महिलाएं अपने अधिकारों को समझ रही हैं और वे इसका इस्तेमाल भी कर रही हैं। महिलाएं समाज की मुख्य धारा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। इस संस्था से जुड़ी महिलाएं जहां समाज में अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हो रही हैं, वहीं अपने परिवार को भी आर्थिक रूप से समृद्ध करने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में आज नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन ने भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से एक कैंप लगवाया, जिसमें 57 महिलाओं के साथ 18 बच्चों के भी खाते खोले गए।
मंगलवार, 7 सितंबर को नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन की मीडिया प्रमुख अलका वर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि संस्था के प्रयास से भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय क्षेत्र-2 नोएडा की तरफ से आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। महागुन मेस्ट्रो, सेक्टर-50 में 57 महिलाओं के साथ-साथ 18 बच्चों का नि:शुल्क खाता खोला गया। एसबीआई के मार्केटिंग हेड अम्बर नाथ प्रसाद ने महिलाओं को 12 रुपये प्रति वार्षिक प्रीमियम जमा करने पर दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और अपना व्यवसाय शुरू करने आदि की जानकारी दी। इसके अलावा यह भी बताया कि वे भारतीय स्टेट बैंक एवं सरकारी योजनाओं के माध्यम से कैसे स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
फाउंडेशन की मुख्य अध्यक्ष मीनाक्षी त्यागी ने महागुन मैस्ट्रो के आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अजय उपध्याय और महासचिव संजय गुप्ता को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का उनका प्रयास जारी रहेगा। वे चाहती हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त बनें। संस्था की महासचिव वनिता ने बताया कि भविष्य में नोएडा में अन्य स्थानों में भी इस तरह के कैम्प लगाए जाएंगे। इस अवसर पर संस्था के सचिव शशि नाथ प्रसाद, स्टेट बैंक के राकेश सिंह, अजीत सिंह, रवि शंकर, विनीत, विनोद, श्रवण, दिलीप, लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply