उत्तर देकर आप फिर मुड़ क्यों गये जनाबः सोमदत्त

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। आरडीसी राजनगर में अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में मासिक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। रचनाकारों ने शानदार रचनाएं प्रस्तुत कीं। गोष्ठी में पहले कवि के रूप में पत्रकार सुदामा पाल ने ग़ज़ल पेश करते हुए कहा- सबको अपने-अपने ग़म हैं, किसी का ज्यादा किसी को कम है। आकाशवाणी से सेवानिवृत्त उप निदेशक व साहित्याकर सोमदत्त शर्मा ने दोहे सुनाये। उनके दोहे ‘वे सवाल कर सामने, खड़े रहे बेताब। उत्तर देकर आप फिर, मुड़ क्यों गये जनाब…’ को खूब पसंद किया गया।
कवि ब्रजेश सिंह ने अपनी कविता- सूखती, ताल तलैया सूख रही तकदीर पढ़ी। वरिष्ठ शायर विपिन जैन का शेर- मुख़्तसर सी मुलाकात तो अच्छी नहीं, औरों से बात तो अच्छी नहीं, को बहुत पसंद किया गया। वरिष्ठ छायाकार व कवि कुलदीप ने -पास था कुछ नहीं, साथ था कुछ नहीं कविता पढ़ी।
डॉ. लाल रत्नाकर ने ग्रामीण जीवन के परिदृश्य को शब्दों में व्यक्त करते हुए पढ़ा- मेरे हिस्से के खेत के एक कोने में, रवि, खरीफ और जायद की फसलों में ईमानदारी, प्रेम और मोहब्बत के विरवे जरुर बो देना। वरिष्ठ कवि जगदीश पंकज ने पढ़ा कि – कबूतर लौटकर नभ से सहमकर आया, वहां भी किसी बारुद का षड्यंत्र जारी है। वेद शर्मा ने -पट्टे के नेकर में तुम, आधा शहर नाप लेते थे, कविता सुनायी।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ रमेश कुमार भदौरिया ने -कहने को संसार एक है, पर क्या सब की दुनिया एक, कविता सुनायी। दिनेश दत्त शर्मा ने -मुझे भी हिन्दुस्तान में कोई खाली स्थान दो,योगेन्द्र दत्त शर्मा ने- जीवन के दुख झेल झेलकर, पूरखे स्वर्ग सुधार गये कविता सुनायी। संस्था के संस्थापक व वरिष्ठ गीतकार डॉ धनंजय सिंह ने अपना गीत कुछ यूं प्रस्तुत किया- उखड़ापन सौगात दे गया, उखड़ा-उखड़ा नीम, नीम क्या-क्या साथ ले गया उखड़ा-उखड़ा नीम, सुनाकर जमकर तालियां लूटीं।
युवा कवि प्रवीण कुमार ने अपनी कविता में समाज व प्रकृति का शानदार चित्रण करते हुए- अन्न की कमी से पैदा होता है अकाल… सुनायी। वरिष्ठ कवयित्री मधु बी जोशी ने कुछ इस अंदाज में – कॉफी हाऊस में बच्चा आया, बच्चा देख बैरा घबराया.. अपनी कविता सुनायी।
काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे सोमदत्त शर्मा व विशिष्ठ अतिथि मधु बी जोशी को संस्था के अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार भदौरिया ने सोमदत्त शर्मा व संस्थापक डॉ धनंजय सिंह नने कवयित्री मधु बी जोशी को शॉल ओढाकर सम्मानित किया।
गोष्ठी का सफल संचालन संस्थान के महासचिव कवि प्रवीण कुमार एडवोकेट ने किया।इस अवसर पर वित्तीय सलाहकार पुनीत श्रीवास्तव व पर्यावरण कार्यकर्ता विवेक दत्त शर्मा भी मौजूद रहे।

admin
About admin 3409 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*