राष्ट्रीय जनमोर्चा सवांददाता
अयोध्या। रामलला के दर्शन के लिए आने वाली लाखों की भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने रामलला के मंदिर तक एक नया पथ बनाकर आवागमन के मार्ग को सुलभ करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक नया कॉरिडोर बनाया जाएगा। सुग्रीव पथ के नाम से बनाए जाने वाले कॉरिडोर की लंबाई 290 मीटर रहेगी। यह हनुमानगढ़ी और राम मंदिर परिसर के बीच भक्तों के आवागमन के लिए एक आयताकार सर्किट के रूप में बनाया जाएगा।
सुग्रीव पथ के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता एसबी सिंह ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सुग्रीव पथ के निर्माण के लिए पहले भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से प्रतिदिन दो से ढाई लाख श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने आ रहे हैं। इससे आए दिन जाम की समस्या खड़ी हो जाती है, जिससे निजात पाने के लिए योगी सरकार ने अयोध्या में सुग्रीव पथ नाम से एक नए कारीडोर के निर्माण पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। सुग्रीव पथ पर 11.81 करोड़ की लागत आएगी, जिसमें से 5.1 करोड़ का उपयोग भूमि अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। कॉरिडोर की चौड़ाई 17 मीटर होगी और पथ के दोनों तरफ पांच मीटर पैदल मार्ग के लिए विकसित किया जाएगा।


Leave a Reply