पत्रकार आशुतोष हत्याकांड का मास्टर माइंड पुलिस कस्टडी से फरार, दो पुलिसकर्मी निलंबित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के पत्रकार अशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड का मुख्य आरोपी व मास्टरमाइंड जमीरुद्दीन कुरैशी पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। पुलिस की यह बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अजयपाल शर्मा ने इस मामले में उप निरीक्षक मंसाराम गुप्ता और कांस्टेबल बृजेश मिश्रा को निलंबित कर दिया है। साथ ही मुंबई और आसपास की पुलिस से संपर्क कर अभियुक्त की पुन: तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी व मास्टरमाइंड जमीरुद्दीन कुरैशी को भिवंडी मुंबई से जौनपुर पुलिस ने मंगलवार, 14 मई की देर रात गिरफ्तार किया था। वहां से बुधवार को उसे लेकर पुलिस गोदान एक्सप्रेस से जौनपुर आ रही थी। लेकिन मध्य प्रदेश खंडवा रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही जमीरुद्दीन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी तो वे भी अवाक रह गए। जौनपुर के एसपी डॉ अजय पाल शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि मुंबई और आसपास की पुलिस से संपर्क कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे फिर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल, यह बात तो सामने आ ही गई कि पुलिस इस मामले में लगातार लापरवाह बनी हुई है। पहली गलती उसकी यह मानी जा रही है कि घटना से एक महीने पहले पुलिस ने आशुतोष श्रीवास्तव के मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें सुरक्षा नहीं उपलब्ध कराई और अब इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी व मास्टरमाइंड ही पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। जबकि जमीरुद्दीन कुरैशी थाना शाहगंज कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है, वहीं बाकी के अभियुक्त और शूटर्स भी खबर लिखने तक गिरफ्तार नहीं हुए थे। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब कैसे कोई भरोसा करे कि पत्रकार सुरक्षित हैं?

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*