हाथरस हादसा : सीएम योगी ने दिए परिजनों को 2-2 लाख व घायलों को 50-50 हजार की सहायता देने के निर्देश

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में हुए हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वह घटनाक्रम पर सीधी नजर रखे हुए हैं और पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। उन्होंने मुआवजे का ऐलान करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जारी किए हैं।
सीएम योगी ने दो मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को मौके पर भेजा है। एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर हादसे के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट तलब की है। इसके अतिरिक्त सरकार कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर के साथ ही बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को नारायण साकार विश्व हरि के नाम से प्रसिद्ध भोले बाबा के कार्यक्रम में लाखों की संख्या में भक्तों की भीड़ जुटी थी। घटना सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गांव फुलराई के पास की है। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की अनुमति से अधिक भक्त सत्संग कार्यक्रम में पहुंचे। भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए एटा भेजा गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*